चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शंभुपुरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 ग्राम एमडीएमए (मोली पाउडर) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी धर्मराज मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई की गई। पुलिस ने संदिग्ध स्विफ्ट कार की तलाशी लेने पर 50 ग्राम एमडीएमए मोली पाउडर बरामद किया।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी विक्रम मीणा निवासी निम्बाहेड़ा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल गोस्वामी (25) निवासी केसूंदा थाना छोटी सादड़ी जिला प्रतापगढ़ तथा सोनू बावरी (25) निवासी मल्ला चारण थाना सदर निम्बाहेड़ा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।