मनासा। आगामी त्योहार ईद-उल-अज़हा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर शुक्रवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नगरवासियों से आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन के साथ आमजन की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। नागरिकों से परंपराओं का पालन करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया गया।
बैठक में एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं नगर के गणमान्य नागरिकों, समाज प्रतिनिधियों और पत्रकारों ने भी भाग लेकर प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाली पोस्ट से बचने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है। प्रशासन ने सभी से जिम्मेदारीपूर्वक सोशल मीडिया का उपयोग करने की अपील की।