रतलाम। उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए रतलाम मंडल के 42 रेलकर्मियों को “रेल सेवा पुरस्कार-2025” से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम 22 मई 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रतलाम के एनेक्सी हॉल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार एवं अन्य अधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात मंडल के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सम्मानित किए गए कर्मचारियों ने संरक्षा, परिचालन, यात्री सुविधा, राजस्व वृद्धि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है। यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों की पहचान है।
इस अवसर पर इंजीनियरिंग, परिचालन, वाणिज्य, यांत्रिक, आरपीएफ, सिग्नल एवं दूरसंचार, कार्मिक, चिकित्सा, स्टोर, विद्युत एवं अन्य विभागों के 42 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक सम्मानित कर्मचारी को जामुन का पौधा भी भेंट किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अक्षय कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) कुंजीलाल मीणा सहित महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।