भौरासा। नगर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ लोगों का गुस्सा शनिवार को खुलकर सामने आया। परेशान नागरिक बड़ी संख्या में विद्युत मंडल कार्यालय पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि खेड़े वाले फीडर को मिर्जापुर डीपी से जोड़ने के बाद आजाद चौक से खेड़े तक रोजाना घंटों बिजली गुल रहती है। खासकर रात में हो रही कटौती से लोगों की नींद और दिनचर्या दोनों प्रभावित हो रही हैं। भीषण गर्मी में बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं।
वहीं विद्युत विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि कुछ किसान खेतों में बिजली पोल लगाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण नई डीपी और ट्रांसफार्मर कनेक्शन का कार्य अटका हुआ है।
नागरिकों ने मांग की कि क्षेत्र को दोबारा भौरासा नगर फीडर से जोड़ा जाए, ताकि अघोषित कटौती से राहत मिल सके। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सालभर मेंटेनेंस के दावे किए जाते हैं, लेकिन हल्की हवा चलते ही घंटों बिजली बंद हो जाती है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।