शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तथाकथित “कॉकरोच जनता पार्टी” पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सिर्फ एक बयान के बाद उपजा फितूर है और ऐसी पार्टियों का समाज में कोई स्थायी वजूद नहीं होता। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी इसे एक बयान से उपजा मामला बताते हुए कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प में जुड़ी हुई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल शिवपुरी में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि “कॉकरोच जनता पार्टी” जैसी पार्टियां केवल सोशल मीडिया तक सीमित रहती हैं और इनका जमीन पर कोई जनाधार नहीं होता। खंडेलवाल ने कहा कि राजनीतिक दल विचारधारा और वर्षों से काम कर रहे कार्यकर्ताओं के दम पर टिके रहते हैं, जबकि ऐसी पार्टियां कुछ समय बाद अपने आप खत्म हो जाती हैं।
वहीं केंद्रीय मंत्री सिंधिया से जब “कॉकरोच जनता पार्टी” को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने पहले टिप्पणी करने से इनकार किया। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि यह एक बयान के कारण पैदा हुआ मुद्दा है, लेकिन देश की जनता प्रधानमंत्री के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के लिए संकल्पित है। सिंधिया भी शिवपुरी में आयोजित भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।