नीमच। नीमच कैंट क्षेत्र स्थित स्लॉटर हाउस में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने मुर्गी दाना निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने थाना नीमच कैंट में शिकायत दर्ज कराई है और कुछ लोगों पर संदेह भी जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौलाना आजाद कॉलोनी, ईदगाह रोड निवासी वाहिद हुसैन ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह स्लॉटर हाउस में अवशेषों से मुर्गी दाना बनाने का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि 30 मई की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर वहां रखी सामग्री चोरी कर ली।
सुबह जब वहां कार्यरत मजदूर नजर अली गोदाम पहुंचे तो उन्होंने ताला टूटा हुआ पाया और चोरी की जानकारी दी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
वाहिद हुसैन ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि इससे पहले दिसंबर 2024 में भी उनके गोदाम से चोरी की घटना हो चुकी है, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली घटना में जिन लोगों पर संदेह जताया गया था, उन्हीं की भूमिका इस बार भी संदिग्ध लग रही है।
पीड़ित का कहना है कि जिस गोदाम में उनका और अन्य व्यापारियों का सामान रखा जाता है, वहां बार-बार केवल उनकी ही सामग्री चोरी होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।