नीमच। जिले में 108 एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता और सेवा भावना ने एक हाई रिस्क गर्भवती महिला और उसके नवजात की सुरक्षित जान बचाई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिसके बाद एम्बुलेंस में ही सुरक्षित डिलीवरी कराई गई।
रतनगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से एक हाई रिस्क गर्भवती महिला को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया था। महिला को 108 एम्बुलेंस से नीमच ले जाया जा रहा था। इसी दौरान सेमली चंद्रावत गांव के पास पहुंचते ही महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए 108 एम्बुलेंस में मौजूद ईएमटी डॉ. अतीक खान और पायलट मुकेश मेघवाल ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। दोनों ने एम्बुलेंस में ही सुरक्षित और सामान्य प्रसव कराया, जिसमें महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया।
प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों को आवश्यक देखभाल के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार यह महिला की छठी डिलीवरी थी। इससे पहले उसके घर में पांच बेटियां हैं और अब बेटे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है।
108 एम्बुलेंस के ईएमटी डॉ. अतीक खान और पायलट मुकेश मेघवाल के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है। उनकी समय पर की गई कार्रवाई से मां और नवजात दोनों को सुरक्षित चिकित्सा सहायता मिल सकी।