नीमच। बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने और उन्हें कला के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नीमच की प्रसिद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था ‘कृति’ द्वारा सात दिवसीय चित्रकला प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ 1 जून से होगा।
संस्था के अनुसार यह प्रशिक्षण शिविर 1 जून से 7 जून तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक प्रज्ञा माध्यमिक विद्यालय, गायत्री शक्तिपीठ परिसर में आयोजित किया जाएगा। शिविर में बच्चों को चित्रकला की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त कर सकें।
शिविर में ज्योतिका अग्रवाल, दीपक भट्ट, तोषी वाघे खान एवं रचना ओझा बच्चों को चित्रकला के विभिन्न गुर सिखाएंगे। प्रशिक्षक बच्चों को रेखांकन, रंग संयोजन और सृजनात्मक अभिव्यक्ति की बारीकियों से अवगत कराएंगे।
शिविर व्यवस्था प्रमुख कमलेश जायसवाल ने सभी अभिभावकों एवं चित्रकला प्रेमी परिजनों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को रंग एवं ड्राइंग बुक के साथ शिविर में अवश्य भेजें, ताकि छुट्टियों के दौरान उनकी प्रतिभा को नई दिशा और उचित मार्गदर्शन मिल सके।