नीमच। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ, नीमच में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्रुप केंद्र के कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कमांडेंट साहू ने कहा कि तंबाकू सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है तथा परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी कार्मिकों से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान तंबाकू सेवन से होने वाली विभिन्न गंभीर बीमारियों, विशेष रूप से कैंसर, हृदय रोग एवं श्वसन संबंधी रोगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में उप कमांडेंट शैलेन्द्र थोरेचा सहित ग्रुप केंद्र के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।
इसी क्रम में परिवार कल्याण केंद्र, सीआरपीएफ नीमच में संयुक्त अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम सिंह द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के महत्व पर जागरूकता व्याख्यान दिया गया। उन्होंने तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान की जानकारी देते हुए जवानों एवं उनके परिजनों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. राम सिंह ने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को तंबाकू की लत से बचाने में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों ने व्याख्यान को गंभीरता से सुना और इसे उपयोगी बताया।
ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ, नीमच द्वारा आयोजित यह जागरूकता अभियान स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।