गुना। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर गुना में विशाल व्यसन मुक्ति रैली एवं मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था।
रैली का शुभारंभ गायत्री मंदिर से हुआ, जो हॉट रोड और जयस्तंभ चौराहे सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः गायत्री मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशे से दूरी बेहद आवश्यक है।
आयोजकों ने आह्वान किया कि सभी नागरिक अपने जीवन को स्वास्थ्य, सद्भाव, सेवा और साधना से जोड़ें तथा व्यसनमुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। रैली के दौरान नशा छोड़ने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।