देवास। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र निवासी एवं गौ सेवा से जुड़े राजेंद्र वर्मा ने थाना सिविल लाइन में एक लिखित आवेदन देकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में राजेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि भारत यादव नामक व्यक्ति उनके निवास पर पहुंचा और बिना अनुमति उनके तथा गौशाला का वीडियो बना लिया। बाद में उक्त वीडियो को फेसबुक पर प्रसारित कर दिया गया। उनका कहना है कि वायरल वीडियो में उनके संबंध में भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी प्रस्तुत की गई है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
फरियादी के अनुसार वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की टिप्पणियां की गईं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को मानसिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा वीडियो हटवाने की मांग की है।
इधर, थाना सिविल लाइन पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह समाचार फरियादी द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन एवं लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है, अतः जांच पूर्ण होने तक किसी भी पक्ष को दोषी मानना उचित नहीं होगा।