पोलायकलां। क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम और बढ़ती गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। पोलायकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक करीब 200 मरीज उपचार और स्वास्थ्य परामर्श के लिए अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में बीएमओ डॉ. महेन्द्र परमार, प्रभारी डॉ. उमर फारूक शाह, डॉ. पवन मेवाड़ा एवं महिला चिकित्सक डॉ. भावना प्रजापति द्वारा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। चिकित्सकों के अनुसार गर्मी और मौसम में हो रहे बदलाव के कारण बुखार, सर्दी-खांसी, वायरल संक्रमण और पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सामान्य मरीजों के अलावा गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का भी उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रभारी डॉ. उमर फारूक शाह ने बताया कि उपलब्ध संसाधनों के बावजूद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। मरीजों की नियमित जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जा रहा है।
हालांकि अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ और वार्ड बॉय की कमी बनी हुई है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुचारू रूप से संचालित हो सकें।