गरोठ। गांधीसागर के सेक्टर-8 क्षेत्र में कुछ लोगों के अचानक प्लेटलेट्स कम होने के मामलों ने स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार प्रभावित मरीजों में डेंगू के सामान्य लक्षण नहीं पाए गए हैं, जबकि सर्दी-खांसी और सामान्य बुखार जैसी शिकायतों के बाद जांच में प्लेटलेट्स तेजी से घटने की बात सामने आई है।
क्षेत्र में सामने आए एक मामले में मरीज के प्लेटलेट्स घटकर 34 हजार तक पहुंच गए, जिसके बाद लोगों में बीमारी को लेकर आशंका और दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग को मामले की जानकारी देकर जांच की मांग की है।
नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर प्रभावित लोगों के सैंपल लिए जाएं तथा बीमारी के कारणों का पता लगाया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार बुखार, सर्दी-खांसी या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए और आवश्यक होने पर रक्त जांच करानी चाहिए। प्लेटलेट्स कम होने की स्थिति में घबराने के बजाय डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार लेना जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक जांच कराने तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य निगरानी बढ़ाने की मांग की है।