चित्तौड़गढ़। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को तैयारियों से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग तरुण कुमार प्रमाणिक ने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बैठक में जिला कलक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग दिवस को लेकर जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर तैयारियों की नियमित समीक्षा और समन्वय के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी आयोजित की जाएगी।
साथ ही जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों, विद्यालयों तथा आमजन तक योग दिवस की जानकारी पहुंचाने और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में सहायक निदेशक डॉ. लवकुश पाराशर, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी अनिल सिसोदिया, योग गुरु सुरेश चंद्र शर्मा, आशा कंवर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।