चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं डूंगला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आज चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट पर सैकड़ों की संख्या में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य, पंचायती राज जनप्रतिनिधि, सरपंच, उपसरपंच, ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस पदाधिकारी, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सहकारिता राज्य मंत्री एवं बड़ीसादड़ी विधायक गौतम कुमार दक पर पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल मंत्रीमंडल से बर्खास्त करने की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस घटना से पुलिस विभाग की गरिमा को ठेस पहुंची है तथा प्रदेश भर के पुलिसकर्मियों में आक्रोश का माहौल है।
साथ ही ज्ञापन में बड़ीसादड़ी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में डाले गए जिंक के अवशिष्ट एवं अन्य खतरनाक औद्योगिक मलबे का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि क्षेत्र में डाले गए समस्त जिंक अपशिष्ट को तत्काल हटाया जाए, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रदूषण से पर्यावरण, कृषि भूमि, भूजल, पशुधन एवं आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक द्वारा एक पुलिसकर्मी के साथ कथित रूप से गाली-गलौज करने एवं महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक एवं अनुचित भाषा का प्रयोग करने के आरोपों का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, आवश्यक कानूनी कार्रवाई तथा तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।
इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंचे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया तथा उनका पुतला दहन कर अपना रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार एवं प्रशासन से दोनों मामलों में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार एवं प्रशासन द्वारा समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी एवं क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देने के लिए बाध्य होगी।