मंदसौर। मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम खड़पाल्या निवासी एक परिवार ने अपनी पैतृक कृषि भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर गांधी चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
परिवार का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है और प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला। धरने पर बैठे मांगीलाल चमार ने बताया कि उनकी भूमि का सीमांकन हो चुका है तथा रिकॉर्ड में भूमि उनके स्वामित्व की दर्ज है, लेकिन अब तक उन्हें वास्तविक कब्जा नहीं मिल पाया है। उन्होंने ग्राम पंचायत के पूर्व पदाधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं।
परिवार का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत और जनसुनवाई में आवेदन देने के बावजूद केवल आश्वासन मिले हैं। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने में सक्षम नहीं हैं। उनका कहना है कि संबंधित कृषि भूमि ही परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है। परिवार ने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें उनकी भूमि का कब्जा नहीं दिलाया जाता और मामले का समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा।