मंदसौर। जिले में जून माह को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जाएगा। मलेरिया उन्मूलन के लिए भारत सरकार द्वारा वर्ष 2030 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए जिले में विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मलेरिया नियंत्रण एवं उन्मूलन को लेकर अंतरविभागीय समन्वय बैठक कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मलेरिया की रोकथाम, नियंत्रण और जनजागरूकता संबंधी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला मलेरिया अधिकारी ने जिले के हाई रिस्क क्षेत्रों की जानकारी प्रस्तुत करते हुए सभी विभागों से अभियान के सफल संचालन में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमारी फैलने से पहले आमजन को जागरूक करना आवश्यक है, जिससे मलेरिया की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मलेरिया निरोधक माह के दौरान जागरूकता अभियान चलाने, जनसहभागिता बढ़ाने तथा मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।