देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को शासकीय कन्या महारानी चिमनाबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सहित जिले के हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने सत्र 2025-26 के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए अपेक्षा से कम प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय के प्राचार्य से व्यक्तिगत चर्चा कर परिणामों में गिरावट के कारणों की जानकारी ली और शैक्षणिक गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही को अस्वीकार्य बताया।
कलेक्टर ने कहा कि शिक्षकों को अपने अध्यापन को अधिक प्रभावी बनाना होगा, ताकि विद्यार्थी स्वयं उनसे सीखने के लिए उत्सुक रहें। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान देने, कॉपियों की नियमित जांच करने तथा अध्ययन के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षाओं के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग दिया जाए। साथ ही आगामी सत्र में त्रैमासिक, अर्धवार्षिक एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। विद्यालयों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित प्राचार्यों एवं शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 30 प्रतिशत से कम परिणाम देने वाले शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों, विद्यालय मरम्मत कार्यों, जर्जर भवनों की स्थिति, यूडीआईएसई डेटा, पुस्तक एवं साइकिल वितरण, सीएम हेल्पलाइन, ई-अटेंडेंस तथा विद्यार्थियों की आधार एवं अपार आईडी संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान टीएसीसी लिमिटेड सिरसोदा द्वारा जिले के विभिन्न केजीबीवी छात्रावासों के लिए कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराए गए। कलेक्टर की उपस्थिति में छात्राओं को कंप्यूटर प्रदान किए गए।