देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक आल्टो कार के माध्यम से इंदौर की ओर से मक्सी बाईपास की तरफ अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने देवास बाईपास स्थित रेती मंडी के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव ने बताया कि वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 10 पेटी देशी प्लेन मदिरा, 1 पेटी मसाला मदिरा एवं 3 पेटी बीयर कैन सहित कुल 135 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई। आरोपी द्वारा उक्त मदिरा का अवैध रूप से संग्रहण एवं परिवहन किया जा रहा था।
मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जब्त मदिरा एवं वाहन की कुल कीमत लगभग 2 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में यह जांच जारी है कि मदिरा किस दुकान से लाई गई थी तथा इसे कहां ले जाया जा रहा था।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक दीपक धुरिया, आरक्षक निहाल खत्री, दीपक तटवाड़े, सैनिक किशोर सिसोदिया एवं अनिल चौहान शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।