नीमच। सिंगोली में तेज बारिश और आंधी के दौरान मकान की छत गिरने से मां-बेटे की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार एसडीएम जावद द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6(4) के तहत सहायता प्रकरण तैयार किया गया। एसडीएम प्रीति संघवी नाहर ने बताया कि हादसे में सौसरबाई एवं उनके पुत्र निलेश जैन की मलबे में दबने से मृत्यु हो गई थी।
प्रशासन द्वारा दोनों मृतकों के लिए 8 लाख रुपये तथा मकान क्षतिग्रस्त होने पर 1 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की जा रही है। इस प्रकार पीड़ित परिवार के वारिस रवि पिता प्रभुलाल जैन, निवासी सिंगोली को कुल 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार देर रात क्षेत्र में हुई तेज बारिश और आंधी के दौरान मकान की छत ढह गई थी, जिससे यह दुखद हादसा हुआ।