सिंगोली। नगर के अहिंसा पथ क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में जर्जर मकान ढह जाने से मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12:15 बजे स्वर्गीय प्रभुलाल धनोतिया का क्षतिग्रस्त एवं जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान में उनके पुत्र निलेश धनोतिया, रवि धनोतिया तथा उनकी माता सोसरबाई धनोतिया मौजूद थे।
मकान गिरने से तीनों मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा, डायल-112 की टीम एवं प्रभारी सीएमओ कपिल सिंह राजावत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। रवि धनोतिया को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि सोसरबाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल निलेश धनोतिया को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया, लेकिन बाद में उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।
हादसे का दृश्य अत्यंत हृदयविदारक था, जिसे देखकर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। राहत एवं बचाव कार्य में जुटी पुलिस, प्रशासन और स्थानीय टीमों की तत्परता की नागरिकों ने सराहना की। घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।