नीमच। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों को लाभ दिलाने की मांग को लेकर वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद गोविंद दीवान ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वार्ड में हुए सर्वे पर सवाल उठाए हैं।
पार्षद ने आरोप लगाया कि सर्वे के दौरान कई वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को अपात्र घोषित कर दिया गया, जिससे वे योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 9, 10 एवं 11 में आज भी अनेक परिवार कच्चे एवं जर्जर मकानों में रह रहे हैं, लेकिन उनके नाम पात्रता सूची में शामिल नहीं किए गए।
ज्ञापन में कहा गया है कि इन वार्डों में करीब 90 से अधिक परिवार ऐसे हैं, जो प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पात्र हैं, बावजूद इसके उन्हें लाभ नहीं मिल पाया है। पार्षद ने मांग की है कि वार्डों का पुनः सर्वे एवं भौतिक सत्यापन कराया जाए, ताकि वास्तविक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब एवं आवासहीन परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। ऐसे में पात्र परिवारों को योजना से वंचित रखना इसकी मूल भावना के विपरीत है।
पार्षद ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पात्र परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है। अब यह मामला प्रशासन के समक्ष पहुंच गया है, जिस पर जल्द निर्णय की उम्मीद जताई जा रही है।