मुरैना। आगामी पर्वों एवं आयोजनों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुरैना पुलिस ने रविवार को शहर सहित जिलेभर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस की इस सक्रिय पहल ने आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन में निकाले गए फ्लैग मार्च में जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।
मुरैना शहर में फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर जीवाजी गंज, माधौपुरा पुलिया, गोपीनाथ पुलिया, रूई मंडी, महादेव नाका, स्टेशन रोड, हनुमान चौराहा, सराफा बाजार, पंसारी बाजार और गणेशपुरा पुलिया सहित प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर थाना कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुआ।
मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, नागरिकों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर शांति, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया, कोतवाली प्रभारी अरुण सिंह, स्टेशन रोड थाना प्रभारी संजय बरैया, यातायात थाना प्रभारी संतोष भदौरिया, सूबेदार मलखान सिंह, निरीक्षक रामबाबू यादव, निरीक्षक भूमिका दुबे सहित लगभग 100 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।