भोपाल। मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि रक्षाबंधन पर बहनों को राज्य परिवहन की बसों में सफर की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को आज भी आवागमन के लिए लोडिंग वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। नई व्यवस्था शुरू होने से आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
रक्षाबंधन पर बहनें कर सकेंगी बसों में सफर
विधानसभा में मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों के घर राज्य परिवहन की बसों से यात्रा कर सकेंगी।
आदिवासी क्षेत्रों में आवागमन होगा आसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों, विशेषकर आदिवासी इलाकों में पर्याप्त परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लोगों को लोडिंग वाहनों से सफर करना पड़ता है। सुगम परिवहन सेवा शुरू होने के बाद इन क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगा।
राज्य परिवहन की भूमिका महत्वपूर्ण
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य परिवहन आम नागरिकों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सरकार एक ओर आधुनिक और बेहतर सड़कों का निर्माण कर रही है, वहीं दूसरी ओर नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य परिवहन व्यवस्था को बंद करने की शुरुआत कांग्रेस शासनकाल में हुई थी। अब जब गांवों तक सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंच चुकी हैं, तो बेहतर परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना भी सरकार की जिम्मेदारी है। इसी सोच के तहत मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया था।
दूसरे राज्यों से भी जोड़ा जाएगा नेटवर्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के भीतर ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के साथ भी बेहतर बस संपर्क स्थापित किया जाए, ताकि लोगों को सुगम और सुलभ परिवहन सुविधा मिल सके।