देवास। दुग्ध उत्पादक किसानों के ज्ञानवर्धन एवं उन्नत पशुपालन तकनीकों के अध्ययन के उद्देश्य से इंदौर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, इंदौर द्वारा देवास जिले की टोंकखुर्द तहसील के 50 किसानों को 8 दिवसीय कृषक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत गुजरात के लिए रवाना किया गया।
टोंकखुर्द में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक जयदयाल सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर कृषक दल को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को सफल, सुरक्षित एवं ज्ञानवर्धक यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भ्रमण किसानों को आधुनिक दुग्ध उत्पादन, वैज्ञानिक पशुपालन, सहकारी प्रबंधन तथा नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान किसान गुजरात के विभिन्न दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन संस्थानों का अवलोकन कर आधुनिक तकनीकों और सफल मॉडल्स का अध्ययन करेंगे। इससे किसानों को अपने दुग्ध व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाने तथा आय में वृद्धि करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद प्रवीण गलोदिया, अभय सोलंकी, हेमराज चौधरी, बिजेश मथानिया, सुनील गलोदिया सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान उपस्थित रहे।