देवास। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर अंशु जावला सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान आवेदिका रेशमबाई निवासी टिगरिया सांचा ने वृद्धावस्था पेंशन प्रारंभ कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर सिंह ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसी प्रकार ग्राम अकालिया निवासी कमल किशोर विश्वकर्मा ने गौचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कालापाठा निवासी ब्रदी पिता गजु ने मकान क्षति का मुआवजा दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं आंवलियापिपल्या निवासी संदीप यादव ने खेत के पानी की निकासी में बाधा बन रही पाली को हटाने की मांग की। इस पर भी संबंधित अधिकारियों को मौके की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि सीमांकन, बिजली बिल संबंधी समस्याएं, बीपीएल सूची में नाम जोड़ने, नामांतरण, बंटवारा, रास्तों से अतिक्रमण हटाने, नालियों की सफाई सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को गंभीरता से जांच कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।