मंदसौर। जिले में मंगलवार को लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया। लोकायुक्त टीम ने वन विभाग के तीन कर्मचारियों को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकायुक्त पुलिस ने वन विभाग में पदस्थ कृष्णपाल सिंह, राजेश धनगर एवं आशीष सोनी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
सूत्रों के अनुसार रिश्वत की शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। टीम ने सत्यापन के उपरांत जाल बिछाकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की।
घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। समाचार लिखे जाने तक लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई जारी थी तथा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही थी।
लोकायुक्त अधिकारियों द्वारा प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूर्ण होने के बाद मामले से संबंधित अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।