शाजापुर। जिले की कालापीपल तहसील के ग्राम भैंसायागढ़ा के लिए यह गर्व का क्षण है, जहां एक दंपति ने एक साथ मध्यप्रदेश पुलिस सेवा में चयन पाकर गांव का नाम रोशन कर दिया। ज्योति चंद्रवंशी और उनके पति पंकज चंद्रवंशी ने यह उपलब्धि हासिल कर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।
दोनों की सफलता उनके परिश्रम, आपसी सहयोग और परिवार के मजबूत समर्थन का परिणाम बताई जा रही है। ज्योति ने बताया कि उनकी मां नहीं हैं, लेकिन सास ने उन्हें मां की तरह स्नेह और सहारा दिया तथा पढ़ाई के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया। वहीं पति-पत्नी ने एक-दूसरे का हर कदम पर साथ दियाकृपढ़ाई से लेकर घरेलू जिम्मेदारियों तक हर काम में सहयोग बना रहा।
ज्योति ने कहा कि जब भी वह निराश होती थीं, उनके पति उन्हें लगातार प्रेरित करते थे, जो उनकी ताकत बने। वहीं पंकज चंद्रवंशी ने बताया कि दोनों ने मिलकर पढ़ाई की और एक-दूसरे को आगे बढ़ने के लिए हमेशा मोटिवेट किया।
दंपति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, ससुराल पक्ष, शिक्षकों और गांव के लोगों को दिया, जिनके सहयोग और प्रेरणा से यह मुकाम हासिल हुआ। गांव के सरपंच ने इसे पूरे गांव के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
वहीं ज्योति के पिता ने कहा कि जैसे उनकी बेटी ने मेहनत से सफलता हासिल की है, वैसे ही सभी विद्यार्थी मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़कर देश और समाज की सेवा करें।
अंत में ज्योति ने छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, नियमित रिवीजन और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास सफलता की कुंजी है।