खरगोन। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से खरगोन पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद हॉल में छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा की उपस्थिति में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि महाराष्ट्र एवं दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खरगोन जिला प्रमुख प्रवेश मार्ग रहेगा। साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन नगरी महेश्वर सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं का प्रमुख केंद्र होगी। इसे देखते हुए यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सहायता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ द ट्रेनर्स) मॉडल के तहत जिले के शत-प्रतिशत पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रथम चरण में 83 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल, एसडीओपी रोहित लखारे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।