नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार 3 जून को ग्राम खातीखेड़ा (ग्राम पंचायत भगवानपुरा, तहसील जावद) में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
शिविर में कलेक्टर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे। ईंधन बचत एवं प्रशासनिक समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी अधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर, नीमच से जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित यात्री बस से सामूहिक रूप से शिविर स्थल के लिए रवाना होंगे। अधिकारियों को शासकीय अथवा निजी वाहनों के उपयोग से प्रतिबंधित किया गया है।
शिविर के दौरान राजस्व, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने खातीखेड़ा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।