नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की पार्षद सुमित्रा मुकेश पोरवाल ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए दुर्गा वाटिका के समीप स्थित नगरपालिका की करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जे का आरोप लगाया है।
पार्षद ने बताया कि संबंधित भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जे की नीयत से पौधारोपण कर धीरे-धीरे अतिक्रमण किया जा रहा है। उनका कहना है कि नगर पालिका परिषद द्वारा 23 अगस्त 2023 को बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी किया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों का हवाला देकर अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
पोरवाल ने आरोप लगाया कि एक ओर जनप्रतिनिधि नगरपालिका की संपत्ति को सुरक्षित रखने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं कराया गया तो वह नगर पालिका कार्यालय के बाहर धरने पर बैठने को मजबूर होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
पार्षद ने बताया कि यह भूमि वर्ष 1998 में पोरवाल समाज नीमच के लिए प्रस्तावित की गई थी, जिसका मामला वर्तमान में भोपाल स्थित वल्लभ भवन में विचाराधीन है। उन्होंने यह भी कहा कि आसपास की अन्य प्रस्तावित भूमि पर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भूमि पर स्थायी निर्माण होने के बाद स्थिति और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नगर पालिका तत्काल भूमि को अपने अधिपत्य में लेकर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराए और अतिक्रमण की आशंका को समाप्त करे। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को जल्द ही मध्यप्रदेश विधानसभा में भी उठाया जाएगा।