शिवपुरी। जिले की पिछोर तहसील के ग्राम उमरी खुर्द निवासी रानी तिवारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति सतीश कुमार तिवारी द्वारा उपार्जन केंद्र पर बेचे गए गेहूं की राशि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी तरीके से फीनो बैंक में खाता खोलकर निकाल ली।
पीड़ित किसान सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि गेहूं विक्रय की राशि उनके खाते में आने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति द्वारा खोले गए कथित फर्जी खाते में चली गई, जिसे बाद में निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की शादी निकट है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है, ऐसे में उन्हें इस राशि की तत्काल आवश्यकता है।
किसान दंपति ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उनकी निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने बेटी की शादी को देखते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी अपील की।
शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।