नीमच। जिला कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर नीमच के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं पदेन उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को फल विक्रेताओं एवं दूध डेयरियों का निरीक्षण कर नमूना कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। निरीक्षण में अतीक फ्रूट मर्चेंट से तरबूज, अनवर हुसैन एंड ब्रदर्स से बादाम आम, बालाजी दूध डेयरी से घी के दो नमूने, वाहेगुरु फ्रूट्स से बादाम आम तथा शकील एंड ब्रदर्स से दशहरी आम का नमूना संग्रहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान फल विक्रेताओं के यहां प्रतिबंधित रसायन कार्बाइड अथवा अन्य हानिकारक पदार्थों का उपयोग नहीं पाया गया।
संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा की टीम द्वारा की गई।