गरोठ। गांधीसागर क्षेत्र में स्टीमर संचालन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम राहुल चौहान ने सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पूरे होने तक स्टीमर संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्टीमर संचालकों द्वारा पूर्व में जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पूर्ण पालन नहीं किया गया है। लाइफ जैकेट, सुरक्षा उपकरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अधूरी मिलीं।
इस पर एसडीएम राहुल चौहान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा मानकों की पूर्ति के बाद ही स्टीमर संचालन की अनुमति दी जाएगी।
एसडीएम ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।