नीमच। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में नीमच की ऐतिहासिक भूमिका को स्मरण करते हुए बुधवार को नीमच गौरव दिवस उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहीद पार्क, नीमच सिटी में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश दिया। उपस्थित जनों ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का संकल्प लिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध पहली गोली नीमच की धरती से चली थी। इसी ऐतिहासिक गौरव को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को अपने स्वर्णिम इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 3 जून को नीमच गौरव दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि गौरव दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार शाम टाउन हॉल में देशभक्ति पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
शहीद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में संतोष चोपड़ा, निलेश पाटीदार, नारायण खंडेलवाल, दुर्गाशंकर भील, रामचंद्र धनगर, हरगोविंद दीवान, मुकेश पोरवाल, एसडीएम पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर सी.एस. धारवे, सीएमओ दुर्गा बामनिया तथा अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।