खंडवा। जिले के ग्रामीण इलाकों के लिए केंद्र सरकार ने एक सौगात दी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं पर कुल 13.74 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे और 14.44 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र के कई गांवों की वर्षों पुरानी सड़क संबंधी मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है। नई सड़कें बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने बताया कि भारत सरकार के ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्षेत्र की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए इन परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और सड़क नेटवर्क मजबूत होने से विकास को नई गति मिलेगी। स्वीकृत परियोजनाओं में बरमलाय से कुकडाल मार्ग का निर्माण सबसे बड़ी परियोजना है। इस 7.64 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 7.18 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा बरमलाय से सुकलतालाई-4 मार्ग के 3.20 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए 3.13 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह लहाड़पुर से पारवाड़ी मार्ग के 2.24 किलोमीटर लंबे हिस्से पर 2.06 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जबकि मालूद रोड से खेड़ी रैयत मार्ग के 1.36 किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण के लिए 1.35 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। नई सड़कें बनने से गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से बेहतर होगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं विद्यार्थियों और मरीजों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। बरसात के दौरान जिन क्षेत्रों में पहुंचना मुश्किल हो जाता था, वहां भी आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।