नीमच। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को जिलेभर के संविदा कर्मचारी जिला अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे रहे और अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि नियमितीकरण, वेतन विसंगति का निराकरण, एनपीएस, स्वास्थ्य बीमा, महंगाई भत्ता, वार्षिक वेतनवृद्धि, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा नौकरी सुरक्षा जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बावजूद इन मांगों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की अधिकांश योजनाएं और सेवाएं उनके भरोसे संचालित होती हैं, लेकिन उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं और सम्मानजनक वेतन नहीं मिल रहा है।
हड़ताल के चलते टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं, मरीजों की जांच, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम सहित कई महत्वपूर्ण गतिविधियों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। गर्मी के मौसम में डायरिया, वायरल बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों के प्रबंधन पर भी इसका असर पड़ सकता है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के सदस्यों ने एनएचएम द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस की प्रतीकात्मक होली जलाकर विरोध दर्ज कराया।