उज्जैन। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर गुरुवार से देवास रोड स्थित दताना के एक रिसॉर्ट में शुरू होगा, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और एआईसीसी के वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।
शिविर में ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, जिला प्रभारी सहित करीब 275 कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। सभी प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था रिसॉर्ट परिसर में ही की गई है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे पंजीयन से होगी, जबकि सुबह 11 बजे वंदे मातरम् के साथ बौद्धिक सत्रों का आगाज किया जाएगा।
इस दौरान नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, पार्टी की गाइडलाइन, आम जनता तक पहुंच बढ़ाने और एकजुट होकर काम करने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी चर्चा होगी।
शिविर में महेंद्र जोशी, संजय दत्त, हरीश चौधरी और जीतू पटवारी जैसे नेता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार शाम करीब 5 बजे शिविर में पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। यह प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार शाम को समाप्त होगा।