सोनकच्छ। पीपलरावाँ मे जमीअत उलमा-ए-हिन्द एवं अहले इस्लाम पंचायत पीपलरावाँ द्वारा सामाजिक सद्भाव, कानून व्यवस्था और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा गया। ज्ञापन मौलाना महमूद असअद मदनी, हाजी हारून, अब्दुल रज्जाक शेख एवं शहर काज़ी हाफ़िज़ जाकिर के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया, जिसका वाचन दाऊद पठान ने किया। इसमें गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने, गोवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने, खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने और आवारा पशुओं की उचित व्यवस्था की मांग की गई। साथ ही युवाओं में बढ़ती नशाखोरी पर रोक लगाने, मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई, सोशल मीडिया पर धर्म विरोधी टिप्पणियों पर नियंत्रण तथा महिला व युवा सुरक्षा को मजबूत करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। संगठन व स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।