खरगोन। जिले में म.प्र. लघुवेतन कर्मचारी संघ, खरगोन ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। संघ के जिला अध्यक्ष रमेश मंडलोई के नेतृत्व में कोटवारों ने वेतन वृद्धि, नियमितीकरण एवं अनुकंपा नियुक्ति सहित विभिन्न मांगें रखीं।
ज्ञापन में कोटवारों का वेतन बढ़ाकर 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने, नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के समान सभी सुविधाएं देने, सेवा भूमि का भूमिस्वामी अधिकार प्रदान करने तथा भूमिहीन एवं भूमिधारी कोटवारों को स्थायी करने की मांग की गई। साथ ही सेवा के दौरान मृत्यु होने या सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये सहायता राशि देने, अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने तथा सेवानिवृत्त कोटवारों के वारिसों को प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति देने की मांग भी की गई। संघ ने प्रशासन से मांगों का शीघ्र एवं सहानुभूतिपूर्वक निराकरण करने का आग्रह किया।