नीमच। जिला स्तरीय कौशल विकास समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से पिछले दो वर्षों में विभिन्न ट्रेडों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के रोजगार और प्लेसमेंट की समीक्षा की गई।
सीईओ वैष्णव ने सभी आईटीआई प्राचार्यों को निर्देश दिए कि वे उत्तीर्ण विद्यार्थियों से सतत संपर्क बनाए रखें तथा निजी कंपनियों के साथ समन्वय कर अधिक से अधिक युवाओं का रोजगार प्लेसमेंट सुनिश्चित करें। उन्होंने वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सभी ट्रेडों की सीटों पर शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों को निजी कंपनियों में प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और एनएसीएस योजना के क्रियान्वयन की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
सीईओ ने ड्रॉपआउट बालिकाओं को प्रेरित कर उनका आईटीआई में प्रवेश बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा जिले के आईटीआई संस्थानों में सीमेंट उद्योगों की मांग के अनुरूप फिटर ट्रेड में सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला रोजगार अधिकारी दिनेश परमार, जिले के सभी आईटीआई प्राचार्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अल्ट्राटेक, अडानी सहित अन्य निजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।