रतलाम। सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में सुझाव एवं विचार प्राप्त करने के लिए राज्य शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक 4 जून रतलाम में होने जा रही है। बैठक शासकीय डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में होगी। बैठक में समिति सदस्य उज्जैन के प्रोफेसर डॉ. गोपाल शर्मा तथा इंदौर की शोभा पैठनकर शामिल होंगे।
गुरुवार सुबह 11 बजे से होने वाली इस बैठक में जिले के सांसद, विधायक, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, कानूनविद, अभिभाषक संघ के सदस्य, राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र के प्रोफेसर समेत विभिन्न क्षेत्रों के नागरिक शामिल होंगे।
राज्य शासन को भेजे जाएंगे सुझाव
बैठक में समिति के सदस्य उपस्थितजनों से समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव एवं विचार प्राप्त करेंगे। प्राप्त सुझाव राज्य शासन स्तर पर भेजे जाएंगे। बैठक की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। बैठक की तैयारियों के लिए एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ बैठक स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
यह रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान बैठक स्थल की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा। अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस दौरान शहर एसडीएम आर्ची हरित, आयुक्त नगर निगम अनिल भाना, तहसीलदार शहर ऋषभ ठाकुर आदि मौजूद रहे।