कसरावद। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग भोपाल के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक खरगोन के निर्देशन एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी पी.वी. दुबे के मार्गदर्शन में आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह-2026’ का मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल स्कूल, कसरावद में समापन किया गया।
ब्लॉक खेल समन्वयक पंकज बर्डे ने बताया कि 1 मई से 3 जून 2026 तक आयोजित इस समर कैंप में ‘खेलो, सीखो और आगे बढ़ो’ थीम के अंतर्गत खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, फिट इंडिया मूवमेंट, संस्कृति एवं मनोरंजन, खेल गतिविधियां, फैमिली इंगेजमेंट, सोसाइटी इंगेजमेंट तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
उन्होंने बताया कि विकासखंड कसरावद के लगभग 127 खिलाड़ियों ने पंजीयन कर फुटबॉल, वॉलीबॉल एवं एथलेटिक्स खेलों की बारीकियां सीखीं। समापन समारोह में शासकीय महाविद्यालय कसरावद के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. दयाराम राजपूत ने खिलाड़ियों को शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी।
संस्था के अध्यक्ष नरेंद्र पाटीदार ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए खेलों में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं छात्रा अंशिका जैन ने समर कैंप के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।