भोपाल। मोदी सरकार ने मध्यप्रदेश को नए नेशनल हाइवे की सौगात दी है। यह नेशनल हाइवे जुलवानिया-खंडवा बैतूल होकर जाएगा। इस हाईवे की एमपी में लंबाई 233.653 करोड़ होगी और इस पर 4415.50 करोड़ की लागत आएगी।
एमपी को नेशनल हाइवे की यह सौगात मिलने के बाद आदिवासी क्षेत्रों और नर्मदा नदी से सटे इलाकों में विकास कार्यों में तेजी आएगी और रोजगार के अवसर भी बनेंगे। साथ ही पर्यटकों को भी नर्मदा नदी के आसपास के इलाकों को समझने में आसानी होगी।
केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि आदिवासी क्षेत्र खरगोन से खंडवा होते हुए निकलने वाले इस हाइवे के कारण यहां हर तरह के विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। यह नर्मदा जी का क्षेत्र है और पर्यटकों की दृष्टि बहुत ही अच्छा क्षेत्र है।
नए नेशनल हाइवे की खास बातें
एनएच-347 बी हिवरखेड़ी-रोशनी-आशापुर-रुधी खंड पर मौजूदा इंटरमीडिएट लेन को पक्के शोल्डर स्टैंडर्ड के साथ 2 लेन की सड़क के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। यह 125.01 किमी लंबी होगी।
एनएच 347 बी के देशगांव जुलवानिया खंड को हाइब्रिड एन्यूटी मोड के अंतर्गत 2 लेन से 4 लेन सड़क में विस्तारित किया जाएगा। यह 108.643 किमी होगा।
233.653 किमी लंबी इस परियोजना पर 4415.50 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।
परियोजना के अंतर्गत खरगोन जिले में 16.20 किमी लंबा ग्रीनफील्ड बायपास भी विकसित किया जाएगा।
उन्नत कॉरिडोर एमपी में बेहतर कनेक्टिविटी बनाएगा और 6 पीएम गतिशक्ति आर्थिक नोड्स को जोड़ते हुए मल्टी मॉडल एकीकरण को बढ़ावा देगा।
ऐसे होगा मल्टी मॉडल डेवलपमेंट
परियोजना मध्य प्रदेश के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक्स केंद्रों को जोड़ेगी।
उन्नत कॉरिडोर 6 पीएम गति-शक्ति आर्थिक केंद्रों को जोड़ेगा।
एक कपड़ा क्लस्टर, 2 मेगा फूड पार्क, एक औद्योगिक पार्क, 2 सुपर थर्मल पावर प्लांट, 5 सामाजिक केंद्र जुड़ेंगे।
2 आकांक्षी जिले खंडवा और बड़वानी तथा 3 आदिवासी जिले बेतूल, खंडवा, खरगोन को फायदा होगा।
एमपी के 5 लॉजिस्टिक्स केंद्रों, 2 प्रमुख रेलवे स्टेशन, 2 हवाई अड्डे, 1 एमएमएलपी से जुड़ेगा।