नीमच। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से गत दो वर्षों में विभिन्न ट्रेडों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के रोजगार पर विशेष ध्यान देते हुए उनका निजी कंपनियों में अधिकाधिक प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विद्यार्थियों तथा निजी कंपनियों के साथ सतत संपर्क एवं समन्वय बनाए रखा जाए। यह निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अमन वैष्णव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कौशल विकास समिति की बैठक में जिले के सभी आईटीआई प्राचार्यों को दिए।
बैठक में जिला रोजगार अधिकारी दिनेश परमार, जिले के सभी आईटीआई प्राचार्य, समिति के सदस्य अधिकारी तथा अल्ट्राटेक, अडानी सहित विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक के दौरान आईटीआई प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वर्तमान सत्र में सभी ट्रेडों की सीटों पर शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संस्थानवार विद्यार्थियों के औद्योगिक प्रशिक्षण, निजी कंपनियों में प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना तथा एनएसीएस (NAPS/NACS) योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ युवाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
सीईओ अमन वैष्णव ने ड्रॉपआउट बालिकाओं को प्रेरित कर उन्हें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश दिलाने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही जिले के सभी आईटीआई में सीमेंट उद्योगों की मांग के अनुरूप फीटर ट्रेड की सीटों में वृद्धि के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।