नीमच। जनजाति बाहुल्य ग्राम खातीखेड़ा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए।
बस से पहुंचे कलेक्टर और जिला अधिकारी-
प्रशासन आपके द्वार, समाधान अबकी बार अभियान के तहत बुधवार शाम कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर से यात्री बस द्वारा रवाना हुए। लगभग दो घंटे की यात्रा के बाद शाम 6 बजे खातीखेड़ा पहुंचे। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, वन मंडलाधिकारी एस.के. अटोदे, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम प्रीति संघवी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
डेढ़ माह में हर घर तक पहुंचेगा नल जल-
शिविर में ग्रामीणों द्वारा पेयजल समस्या उठाए जाने पर जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि डेढ़ माह के भीतर तीनों गांवों में हर घर नल योजना के तहत पेयजल पाइपलाइन बिछाकर प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन उपलब्ध करा दिए जाएंगे। साथ ही रोड रेस्टोरेशन का शेष कार्य गुरुवार से प्रारंभ कर तीन दिन में पूरा करने का आश्वासन दिया गया। कलेक्टर ने गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डिकेन पीएचसी में उपलब्ध है प्रसूति सुविधा-
ग्रामीणों द्वारा प्रसूति सुविधा की मांग उठाए जाने पर कलेक्टर ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डिकेन में यह सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की समस्या आने पर ग्रामीण सीधे संबंधित चिकित्सक से संपर्क करें, ताकि समन्वय के माध्यम से तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
खातीखेड़ा मिडिल स्कूल होगा हाई स्कूल में उन्नत-
ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने खातीखेड़ा के मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्नयन करने का प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के ऐसे अन्य ग्रामों को भी चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
घरों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों का होगा सर्वे-
ग्रामीणों द्वारा घरों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की समस्या उठाने पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सर्वे कराकर लाइन शिफ्टिंग के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के अन्य प्रभावित गांवों का भी सर्वे कराने को कहा।
वन-राजस्व विवादों के समाधान के लिए संयुक्त टीम-
वन एवं राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टर ने वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके का निरीक्षण कर समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
दो दिन में लगेगा विशेष विद्युत शिविर-
शिविर में विद्युत संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि दो दिनों के भीतर भगवानपुरा अथवा खातीखेड़ा में विशेष शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जाए। शिविर में ग्राम पंचायत खातीखेड़ा की सरपंच शांतिबाई मदन गुर्जर, क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।