गरोठ। दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के दानपात्र से कथित रूप से राशि चोरी करने के मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीमा शर्मा की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल को दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के दानपात्र की गणना के दौरान एक महिला द्वारा पैसे निकालने का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखने को मिली।
मामले की जांच के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने कार्रवाई करते हुए रायपुरिया क्रमांक-2 केंद्र में पदस्थ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीमा शर्मा को सेवा से पृथक कर दिया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार शासकीय सेवा में रहते हुए इस प्रकार का कृत्य गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। विभाग ने स्पष्ट किया कि शासकीय कर्मचारियों के ऐसे आचरण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।