नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अनुपयोगी सामग्री के निष्पादन पर जोर-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालयों में रखी पुरानी एवं अनुपयोगी सामग्री, बस्ते, कूलर, प्रिंटर, फर्नीचर तथा अन्य सामान का सुव्यवस्थित भंडारण एवं नियमानुसार निष्पादन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना आवश्यक है।
शनिवार-रविवार को चलेगा विशेष अभियान-
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आगामी शनिवार एवं रविवार को सभी कार्यालयों के कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अनुपयोगी सामग्री, पुराने रिकॉर्ड, फाइलें, बस्ते, कूलर, पंखे, फर्नीचर एवं अन्य वस्तुओं का सूचीबद्धकरण करें तथा उनके भंडारण एवं निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पेयजल व्यवस्था को लेकर निर्देश-
कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने परिसर में दो स्थानों पर वाटर कूलर के माध्यम से शुद्ध पेयजल की सामूहिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश नाजिर शाखा को दिए।
कई विभागीय कार्यालयों का किया निरीक्षण-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला पेंशन कार्यालय, कलेक्ट्रेट कक्ष क्रमांक-26, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, भू-अभिलेख, सहकारिता, खाद्य विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, अंत्यावसायी विभाग, श्रम विभाग, जिला योजना, मत्स्य विभाग, उद्यानिकी विभाग सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अतिरिक्त भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश-
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के नीमच ग्रामीण परियोजना अधिकारी को नवीन आवंटित कक्षों में तत्काल कार्यालय स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्ट्रेट कार्यालय के पीछे उपलब्ध रिक्त भूमि पर दो मंजिला अतिरिक्त भवन निर्माण का प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में आवश्यकतानुसार अन्य कार्यालयों को वहां स्थानांतरित किया जा सके। कलेक्टर चंद्रा ने कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यालय न केवल कार्यक्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि आम नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।