नीमच। प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने गुरुवार को नीमच जिले की रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को परियोजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा-
मंत्री शुक्ला ने प्रोजेक्ट स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्यों, तकनीकी पहलुओं एवं सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रीनको परियोजना से जुड़े अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। ग्रीनको परिसर में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की प्रगति से अवगत कराया। मंत्री ने विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर-
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही पर्यावरणीय मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र में ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ेगी तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
अधिकारी रहे उपस्थित-
निरीक्षण के दौरान एसडीएम किरण आजना, अक्षय ऊर्जा विभाग के अधिकारी राठौर, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारी सहित ग्रीनको परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट प्रदेश की महत्वपूर्ण ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल है। इसके पूर्ण होने पर ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा तथा नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर उपयोग का मार्ग प्रशस्त होगा।