खरगोन। अपनी लंबित मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अब सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। जिले के करीब 920 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी 3 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।
हड़ताल के चलते कर्मचारियों ने सीएमएचओ परिसर में धरना पंडाल लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आंदोलन के पहले ही दिन कर्मचारियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन सभी शासकीय कार्यों का बहिष्कार कर दिया, जिससे जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।
हड़ताल के दूसरे दिन प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार की ओर से जारी किए गए कारण बताओ नोटिस को भी जला दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार उन्हें नोटिस देकर डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन आंदोलन को इससे रोका नहीं जा सकता।
कर्मचारी संघ के नेताओं का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्ष 2023 में संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, 100ः वेतन और “समान काम, समान वेतन” लागू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
इसी कथित वादाखिलाफी के विरोध में कर्मचारियों ने आंदोलन को तेज कर दिया है। प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।